मंगलवार, 16 अप्रैल 2013

20,21,22 अप्रैल को जयप्रकाश चिकित्सालय में कैंसर शिविर का आयोजन

भोपाल : 15 अप्रैल, 2013 
कमिश्नर भोपाल संभाग श्री एस.बी.सिंह की अध्यक्षता में आज जयप्रकाश चिकित्सालय में 20,21 और 22 अप्रैल,13 को होने वाले कैंसर शिविर के आयोजन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई । बैठक में कलेक्टर श्री निकुंज कुमार श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर श्री विशेष गढ़पाले, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राकेश श्रीवास्तव, उपायुक्त श्रीमती उर्मिला शुक्ल, एडीएम श्री बसंत कुर्रे, सिविल सर्जन डॉ0 श्रीमती वीणा सिन्हा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 पकंज शुक्ला, सहित संबंधित अधिकारी एवं  अन्य वरिष्ठ चिकित्सकगण मौजूद थे । 
    बैठक में कमिश्नर श्री सिंह ने संबंधित सभी चिकित्सकों को निर्देश दिए कि वह शिविर की तैयारी समय से पूरी कर लें । उन्होंने कहा कि इन शिविरों में भोपाल संभाग के सभी जिलों के मरीजों को सम्मिलित किया जायेगा । बैठक में बताया गया कि संभागस्तरीय यह शिविर नि:शुल्क लगाया जा रहा है जिसमें मरीजों के आपरेशन से लेकर दवाओं, खाने-पीने और भर्ती की नि:शुल्क व्यवस्थाएं की गई हैं । मरीज के साथ आए परिजन के रूकने की व्यवस्था रेन बसेरा भोपाल में की गई है । परीक्षण के पश्चात ब्रोस्ट कैंसर पीडि़त मरीजों की सर्जरी इन्दौर कैंसर फाउंडेशन के डाक्टर दिग्पाल धारकर द्वारा की जायेगी । अन्य मरीजों की सर्जरी भोपाल के कैंसर विशेषज्ञों द्वारा की जायेगी ।
    बैठक में बताया गया कि संभावित कैंसर पीडि़त मरीजों का संभाग के सभी जिलों में विकासखंडवार परीक्षण किया जायेगा । इसके लिए प्रत्येक जिले में विकासखंडवार विशेषज्ञ डाक्टर्स की टीम बनाई गई है जो संबंधित विकासखंड में शिविर लगाकर कैंसर बीमारी से पीडि़त मरीजों का परीक्षण करगें और पीडि़त मरीज को सर्जरी के लिए भोपाल जयप्रकाश चिकित्सा भेजेंगे । सीहोर,राजगढ़,विदिशा,रायसेन, भोपाल के संभावित कैंसर के मरीजों का पंजीयन आई.सी.ब्यूरों में सी.एम.ओ भोपाल द्वारा किया जायेगा । पंजीयन के पश्चात इन मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण विशेषज्ञों द्वारा किया जायेगा । इन मरीजों के लिए पैथालाजी की विशेष व्यवस्था की गई है । पैथालाजिस्ट और लैब टेक्नीशियन द्वारा सभी मरीजों की आवश्यक जांच की जायेगी । अस्पताल में सोनोग्राफी द्वारा संभावित कैंसर मरीज की जांच की जायेगी । यह सभी परीक्षण होने के पश्चात मरीज को अस्पताल में ही सर्जरी के लिए भर्ती किया जायेगा । 
कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने बताया इस कैंसर केम्प लगभग 200 मरीजों के आने की संभावना है । जिनकी स्क्रीनिंग के पश्चात लगभग 100 मरीजों की सर्जरी होने की संभावना  है ।  
 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें