गुरुवार, 4 अप्रैल 2013

उपकर जमा करने में भोपाल प्रथम,भोपाल

जिला भोपाल भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण उपकर अधिनियम के तहत कल्याण मंडल में राशि जमा करने में प्रथम स्थान पर है। जिले में आ अधिनियम के प्रावधान प्रभावशील होने के साथ ही फरवरी अंत तक खासी बढ़ोतरी हुई है। जिले में 171 करोड़ से अधिक की राशि अब तक जमा हो चुकी है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिलास्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में जानकारी देते हुए कलेक्टर निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने बताया, कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रसूति सहायता, विवाह सहायता, शिक्षा प्रोत्साहन और चिकित्सा सहायता जैसी योजनाएं संचालित हैं । उन्होंने कहा कि चिकित्सा सहायता के तहत केवल 29 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया है। वहीं बैठक में सहायक श्रम आयुक्त दीक्षित ने बताया कि जिले में 78 हजार 207 निर्माण श्रमिक पंजीकृत है। इस वर्ष अब तक 5 हजार 325 हितग्राहियों को दो करोड़ 65 लाख 18 हजार 248 रूपये की प्रसूति सहायता, 914 हितग्राहियों को 84 लाख 13 हजार रूपये की विवाह सहायता, निर्माण श्रमिकों के 48 हजार 933 पुत्र पुत्रियों को चार करोड़ 15 लाख 99 हजार 875 रूपये की शिक्षा प्रोत्साहन राशि और मार्च,13 तक पांच हजार 159 पुत्र-पुत्रियों को 43 लाख 30 हजार 600 रूपये का मेधावी छात्र-छात्राओं को लाभ दिया गया है । बैठक में कलेक्टर ने कहा कि  कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं की जानकारी निर्माण श्रमिकों को भी दी जाए। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें