गुरुवार, 5 दिसंबर 2013

‘न बने पुनर्मतगणना की स्थिति’

-आयोग ने कलेक्टरों को जारी किए निर्देश 
भोपाल। 
प्रदेश के कलेक्टरों को भारत निर्वाचन आयोग ने निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी स्थिति में पुनर्मतगणना की स्थिति न बने। यदि ऐसा होता है तो उसकी दोबारा वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए।
प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर मतगणना में डाक मतपत्रों की गिनती आयोग के निर्देशानुसार कराए जाने को कहा है। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा, कहीं पुनर्गणना की किसी परिस्थिति में निर्मित होती है तो संपूर्ण प्रक्रिया की पुन: वीडियोग्राफी कराई जाए और इसकी सीडी भविष्य के लिए पृथक से लिफाफे में रखी जाए। वहीं बैलेट पेपर की गणना प्रात: 8 बजे से प्रारंभ करने के निर्देश के साथ, उसके 30 मिनिट के अंतर के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में दर्ज मतों की गिनती शुरू करने को कहा है। डाक मतपत्रों की गिनती के लिए एक अलग टेबिल की व्यवस्था करने के आदेश दिए हैं। वहीं डाक मतपत्रों की गिनती के मिलान को अंतिम रूप देने के पहले रिटर्निंग आॅफिसर (आरओ) व्यक्तिगत रूप से सत्यापित करेंगे और रद्द किए गए मतपत्रों के संबंध में प्रत्याशी अभिकर्ता से चर्चा कर उनकी आपत्ति का समाधान करेंगे। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें