शनिवार, 22 जून 2013

बाणसागर सिंचाई परियोजना का पानी देवतालाब

विधान सभा क्षेत्र में लायेगी कांग्रेस सरकार: भूरिया
रीवा जिले से प्रारंभ हुई कांग्रेस की दो दिवसीय परिवर्तन यात्रा: भूरिया
और अजयसिंह ने गिनायी भाजपा सरका की विफलताएं
भोपाल 21 जून।
भाजपा की प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों और विकास तथा जनकल्याण के सभी क्षेत्रों में विफलताओं को विधान सभा क्षेत्र स्तर पर लोगों तक पहुंचाने तथा सत्ता परिवर्तन के संदेश से जन-जन को अवगत कराने के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा अप्रैल माह में प्रारंभ की गई परिवर्तन यात्रा के अंतर्गत आज रीवा और कटनी जिले की दो दिवसीय परिवर्तन यात्रा और आम सभाओं का कार्यक्रम दोपहर में रीवा जिले के मनगवां विधान सभा क्षेत्र में गढ़ में आम सभा के साथ प्रारंभ हुआ। दूसरी आम सभा दोपहर बाद इसी जिले के देवतालाब विधान सभा क्षेत्र में हुई। आम सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने रीवा जिले में भारत सरकार की सहायता से चल रही सिंचाई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बाणसागर सिंचाई परियोजना का पानी देवतालाब विधान सभा क्षेत्र के गांवों तक लाया जायेगा। आपने कहा कि बाणसागर परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा अब तक 327 करोड़ रूपये की धनराशि राज्य सरकार को दी जा चुकी है। यह खेद की बात है कि राज्य सरकार इस परियोजना को अपने नाम से प्रचारित कर लोगों को गुमराह कर रही है। आज श्री भूरिया और नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने परिवर्तन यात्रा के प्रथम दिन गढ, देवतालाब तथा दुवारी में विशाल आम सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की पिछले 9 वर्षों की जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने रखा।
श्री भूरिया ने सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा राज में विकास कार्य तो हर स्तर पर ठप्प हो चुका है। दूसरी तरफ कानून-व्यवस्था भी पूरी तरह ध्वंस हो चुकी है इस कारण अपराधी तत्व हर स्तर पर शांतिप्रिय नागरिकों और महिलाओं तथा बच्चियों के साथ खुलकर खेल रहे हैं। छोटे कस्बों और नगरों की बात तो दूर अब तो महानगरों में भी महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। इस स्थिति को प्रदेश की जनता के सामने रखने के लिए 25 जून को प्रदेश भर की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा राजधानी भोपाल में मशाल जलूस निकाला जाएगा और बदहाल कानून व्यवस्था से आम नागरिकों को भी अवगत कराया जाएगा। आपने कहा कि भाजपा शासनकाल में महिलाओं और किसानों के साथ-साथ दलितों और आदिवासियों को भी बहुत बुरे दौर से गुजरना पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने रीवा जिले के तीनों विधान सभा क्षेत्रों में हुई आम सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में शिवराज सरकार की विफलताओं को देखते हुए और प्रदेश में महिलाओं की असुरक्षा का जो वातावरण बना है, उसके आधार पर शिवराजसिंह सरकार को प्रदेश में बने रहने का अब कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है। आपने कहा कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति आदि को विधान सभा के पावस सत्र में कांग्रेस विधायक दल द्वारा अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से पूरी ताकत के साथ उठाया जाएगा। पिछली बार जब कांग्रेस विधायक दल ने इस सरकार के विरूद्व अविश्वास प्रस्ताव रखा था तब न तो मु य मंत्री और न ही सरकार के मंत्रीगण प्रस्ताव में लगाये गये सप्रमाण आरोपों का कोई जवाब नहीं दे पाये थे। आपने कहा कि परिवर्तन यात्राओं के माध्यम से प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की जबर्दस्त लहर प्रारंभ हो गई है। शेष विधान सभा क्षेत्रों में भी ये परिवर्तन यात्राएं जब संपन्न हो जाएंगी तब साफ हो जाएगा कि शिवराज की सरकार को प्रदेश की जनता ने विदा करने का मन बना लिया है।
परिवर्तन यात्रा एवं आम सभा के कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुंदरलाल तिवारी, पूर्व मंत्री इंद्रजीत कुमार पटेल के साथ-साथ रीवा (शहर) एवं (ग्रामीण) कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल शाहिद मिस्त्री और वृंदाप्रसाद तथा सीधी जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंदसिंह चौहान भी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें