गुरुवार, 20 जून 2013

दिग्विजयसिंह पीसीसी कार्यालय पहुंचे, लिया

चुनावी तैयारियों का जायजा
भोपाल 17 जून। 
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व मुख्य मंत्री दिग्विजयसिंह अपने पांच दिवसीय प्रदेश दौरे के अंतर्गत आज शाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पहुंचे। उनके पीसीसी कार्यालय आगमन पर संगठन एवं प्रशासनिक प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा के नेतृत्व में पीसीसी के पदाधिकारियों ने दिग्विजयसिंह का स्वागत किया। श्री सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों एवं विधान सभा चुनाव संबंधी मैदानी तैयारियों के बारे में चर्चा की और पदाधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। आपने जिला स्तर पर पार्टी के प्रशिक्षण विभाग द्वारा इन दिनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विभिन्न स्तरों पर दिये जा रहे चुनाव प्रशिक्षण पर प्रसन्नता प्रगट करते हुए प्रशिक्षण प्रभारी राजेन्द्रसिंह गहलोत की पीठ थपथपायी।
दिग्विजयसिंह ने परिवर्तन यात्रा को लेकर प्राप्त जन प्रतिक्रियाओं और पीसीसी द्वारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देशानुसार मैदानी कार्यक्रम के रूप में प्रारंभ की गई वार्ड और पंचायत स्तर की पदयात्राओं के बारे में भी ब्यौरा लिया। आपने पदाधिकारियों से कहा कि वे पार्टी की चुनावी तैयारियों की गति को मैदानी स्तर पर और बढ़ाने का प्रयास करें तथा सभी अनुभवी एवं निष्ठावान पार्टी कार्यकर्ताओं को इन तैयारियों के साथ अधिक से अधिक जोड़ें।
इस अवसर पर संगठन एवं प्रशासन प्रभारी उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा, उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल और श्रीमती आभासिंह, महामंत्री द्वय गोविंद गोयल और शांतिलाल पडियार, प्रवक्ता मुकेश नायक, अभय दुबे और रवि सक्सेना, प्रशिक्षण प्रभारी राजेन्द्रसिंह गेहलोत, जगदीश सैनी तथा जिला (शहर) कांग्रेस अध्यक्ष पी.सी. शर्मा सहित पीसीसी के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें