गुरुवार, 20 जून 2013

भाजपा नेताओं ने खोया मानसिक

संतुलन: रवि सक्सेना
भोपाल 17 जून। 
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रवि सक्सेना ने कहा है कि जैसे-जैसे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, विधायकों, मंत्रियों के खिलाफ सर्वेक्षणों के परिणाम प्राप्त हो रहे हैं वैसे-वैसे सत्ता से बेदखल होने के भय से उनका मानसिक संतुलन तेजी से गड़बड़ाता जा रहा है, जिसकी मिसाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर द्वारा नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह के विरूद्व हालिया बयान से सामने आई है।
श्री सक्सेना ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के नौ वर्षों के कुशासन में प्रदेश के मुखिया ने झूठी घोषणाओं और थोथी योजनाओं से प्रदेश को बदहाल स्थिति में पहुंचा दिया है। विकास का ढि़ंढ़ोरा तो बहुत पीटा गया, परन्तु जमीनी हकीकत में प्रदेश के हालात बद से बदतर होते चले गये हैं। मुख्य मंत्री के नाते-रिश्तेदारों, नेता पुत्रों और भाजपा पदाधिकारियों ने भारी भ्रष्टाचार एवं लूट का तांडव मचा रखा है। कानून व्यवस्था दयनीय स्थिति में पहुंच चुकी है। छोटी बच्चियों से दुष्कर्म, महिलाओं के प्रति अत्याचार, लूट-डकैती,  चोरी के मामले में प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। ऐसी स्थिति में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के पास सरकार की उपलब्धियां गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है। इससे बौखलाकर वे कांग्रेस के नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कर भाजपा के चाल-चरित्र और कुरूप चेहरे को स्वयं ही उजागर कर रहे हैं। 
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा है कि यदि मुख्य मंत्री में जरा भी शुचिता शेष हो तो वे अजयसिंह द्वारा शिवराजसिंह के भाई की कंपनी आदित्य कंस्ट्रक्शन के बारे में सूचना के अधिकार के अंतर्गत मांगी जानकारी उपलब्ध करवायें। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष धैर्य रखें, प्रदेश की जनता सब देख सुन रही है तथा आगामी चुनाव में भाजपा को समुचित जवाब देगी।  

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें