गुरुवार, 6 जून 2013

बैराबल सोसायटी से बिना बिल्टी के 480 बोरी गेहूं भर ट्रक गायब

सोसायटी मैनेजर का हम्मालों पर आरोप
हम्मालों ने सेल्समेन के निर्देश पर जाने दिए थे ट्रक
हम्मालों की ढुलाई राशि रुपए 4 लाख रुपए नहीं दे रही सोसायटी
बैराबल सोसायटी के हम्मालों ने गेहूं तुलवाई का पैसा नहीं मिलने पर एसडीएम बेरसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष भोपाल, जिला कलेक्टर भोपाल को दिया ज्ञापन
भोपाल।
बैराबल सोसायटी में इस वर्ष से गेहूं खरीदी केंद्र प्रारंभ किया गया था। इस सोसायटी में ढुलाई हुई।  हम्माल रोडसिंह पिता कनीराम, रमेश लालाराम ग्राम नजीराबाद तहसील बैरसिया ने बैराबल सोसायटी में गेहूं तुलवाय थे जिसके लिए सोसायटी के मैनेजर नर्बदाप्रसाद से गेहूं के पैसे मांगते हैं तो वह यह कहते हैं कि मैं तुम्हें थाने में भेज दूंगा एवं वह हमें धमकियां देते है।
उन्होंने बताया कि 30 हम्मालों के पैसे नहीं दिए हैं। इस संबंध में उल्लेखनीय है कि मैनेजर द्वारा गाड़ी बगैर बिल्टी की भेजी गई और 4 लाख रु. हम्मालों से मांग रहा है। उक्त आशय पर जब मैनेजर नर्बदाप्रसाद पालीवाल से बात की तो उन्होंने इस पूरे प्रकरण से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए बताया कि मुझे इस संदर्भ में कुछ भी नहीं मालूम था। जब सारा माल जाने के बाद भोपाल में 1 जून को स्टॉक मिलाया गया तो 480 बोरी कम निकलने से हमने हम्मालों से पूछा। पर वे संतुष्ट करने जैसा जवाब नहीं दे पाए।
हम्मालों का कहना है कि हमने बिल्टी मांगी थी और ट्रक भरने से मना कर दिया गया था। वहां मौजूद कर्मचारी के फोन पर सेल्समेन लाखनसिंह का फोन आया था और उन्होंने मैनेजर का नाम लेकर गाड़ी भरने का कहा। लाखनसिंह ने यह भी कहा कि गाड़ी की बिल्टी सुबह लगा देंगे। आप गाड़ी भरकर जाने दें। अगर नहीं भरी तो कल कोई भी गाड़ी नहीं लगने देंगे। इस पर कर्मचारियों ने उक्त गाड़ी भरी और भरने के बाद जाने दी।

राशि की मांग की तो पुलिस में की रिपोर्ट
हम्मालों ने अपनी ढुलाई की राशि का भुगतान राशि रुपए 4 लाख की मांग की तो उन्होंने इस घटना की जिम्मेदारी डालते हुए थाने में बंद करवाने की धमकी दी। इससे भयभीत किसानों ने एसडीएम बैरसिया को शिकायत की। जिसके बाद वे भोपाल के लिए रवाना हो गए और रात्रि 12 बजे ग्राम पंचायत लाम्बाखेड़ा पहुंचे जहां रात बिताई। 5 मर्ई को ग्राम पंचायत लाम्बाखेड़ा में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता हिम्मतसिंह गोयल एवं लाम्बाखेड़ा पंचायत सदस्यों की उपस्थिति में ज्ञापन दिया।

इनका कहना है...
480 बोरी बिना बिल्टी के ट्रक में हम्मालों द्वारा भरी गई थी। जिसकी जानकारी उन्होंने हमें नहीं की। हमने थाने में शिकायत कर दी है।
नर्बदा प्रसाद पालीवाल
मैनेजर, बैराबल सोसायटी, नजीराबाद

सीधी बात
हम्मालों को नियुक्त किया गया?
हम्मालों द्वारा गाड़ी भरी जाती है जिसके लिए 30 हम्माल अनुबंध के आधार पर हैं।
उन्हें गाडिय़ां भरने का कहा गया था
सोसायटी में जो भी गाड़ी आती है उन्हें बिल्टी के आधार पर गाड़ी भरने का कहा जाता है। बिना बिल्टी के हम्माल गाड़ी नहीं भरते।
पर हम्मालों का कहना है कि फोन पर आपकी  बातचीत हुई थी?
हमारी कोई बातचीत नहीं हुई थी यदि ऐसा होता है तो रात में गाड़ी भरवा ली जाती है पर जब तक बिल्टी नहीं होती है तो गाड़ी को जाने नहीं दिया जाता है।
हम्मालों का कहना है कि देर रात आपने ही गाड़ी भरने एवं जाने के निर्देश दिए।
नहीं हमने नहीं दिए। ऐसा होता तो हम्मालों को दूसरे दिन इस आशय की जानकारी देना थी, पर उन्होंने नहीं दी। उस गाड़ी का नम्बर भी सोसायटी में नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें