गुरुवार, 6 जून 2013

नामों की भरमार के बाद फैसला इंटरव्यू से होगा ,भोपाल

बहुजन समाज पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव लडऩे वालों को पहले इंटरव्यू देना होगा, इसके बाद ही उनका टिकट फाइनल हो सकेगा। दूसरी ओर, बसपा ने दावेदारों की बढ़ती तादाद के मद्देनजर टिकट के लिए आवेदन करने की तारीख 5 जून से बढ़ाकर 20 जून तक कर दी है।
बसपा की गुुरुवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में विधानसभावार प्रत्याशियों के आवेदन जमा किए गए। इस बैठक में पार्टी के नए प्रदेश प्रभारी राजाराम, सुमरत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष आईएस मौर्य, सुखलाल कुशवाहा, सुभाषचंद्र त्रिपाठी मौजूद थे। इसके साथ ही बसपा के सातों विधायक रामलखन, रामगरीब कोल, राजकुमार उरमलिया, राधेलाल बघेल, मदन कुशवाह, परसराम मुदगल एवं मनीराम धाकड़ भी थे।  बसपा प्रत्याशी बनने के लिए आए आवेदन पार्टी की विधानसभा कमेटियों और जिला कमेटियों की ओर से स्कू्रटनी के बाद आगे बढ़ाए गए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रति सीट पर कम से कम 15 और अधिकतम 24 तक आवेदन आए हैं। यह आवेदन प्राथमिक स्तर की जांच के बाद प्रदेश कार्यकारिणी को सौंपे गए हैं, जिनको फिर से छानबीन के बाद सूचीबद्ध किया जाकर आवेदकों को इंटरव्यू के लिए प्रदेश कार्यालय बुलाया जाएगा। इंटरव्यू के बाद बनाई जाने वाली फाइनल सूची में प्रति सीट तीन नाम होंगे, जिनमें से कोई एक नाम पर पार्टी सुप्रीमो मायावती मोहर लगाएंगी।
130 सीटों पर है बसनपनजर
बसपा के प्रदेशाध्यक्ष आईएस मौर्य के अनुसार पार्टी ने प्रदेश की 130 सीटों पर फोकस किया है। इनमें से 86 सीटें सिर्फ चंबल और रीवा संभाग की हैं। इसके अलावा बालाघाट में भी पार्टी के बेहतर आसार हैं। प्रति जिले से एक-एक सीट पर पार्टी ने अपने प्रत्याशी को पूरी दमदारी से लड़ाने का तय किया है। ऐसे में पार्टी का प्रत्याशी बनने के लिए सर्वाधिक आवेदन भी इन्हीं सीटों से आ रहें हैं। हालांकि, प्रत्याशी बनने के लिए आवेदन करने वालों से इंटरव्यू के दौरान क्षेत्रीय समीकरण के साथ ही जीत का गणित पूछा जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें