गुरुवार, 26 सितंबर 2013

गांधी का सपना, कांग्रेस मुक्त हो भारत अपना: मोदी

-आंधी से ट्यूब में हवा नहीं भरती, पंप की जरूरत होगी 
नमो बोले... तो आंधी को मत में बदलें 
भोपाल। 
भेल के जम्बूरी मैदान में आयोजित प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ के मंच से नरेन्द्र मोदी ने कहा, महात्मा गांधी का एक सपना था। पता है वह क्या था...? भीड़ के बीच आवाज उठती है कांग्रेस खत्म करने का। मोदी अपने चिर-परिचित अंदाज में बोले-हां...! महात्मा गांधी की इच्छा थी कि कांग्रेस को खत्म कर दिया जाना चाहिए। यह इच्छा भाजपा के साथ आप (कार्यकर्ता) पूरी कर सकते हैं। वे बोले, मित्रों हमें कांग्रेस मुक्त हिन्दुस्तान बनाना है। 
इससे ठीक पहले उन्होंने कहा, आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भाजपा की लहर है, आंधी है। इसे केंद्र सरकार भी मानती है। लेकिन मैं पूछता हूं आंधी 150 किमी की रफ्तार से हो या 200 किमी की, क्या इससे साइकल के ट्यूब में हवा भरी जा सकती है? आवजा गूंजी नहीं। मोदी ने कहा, जिस प्रकार ट्यूब में हवा डालने के लिए पंप की आवश्यकता होगी। ठीक इसी प्रकार आंधी को मित्रों पोलिंग बूथ लेजाकर मत में बदलना होगा। और यह सब कार्यकर्ताओं के विश्वास के चलते ही होगा। 

उमा कहे अनुभव अपना...
उमा कहे यह अनुभव अपना, सत हरि भजन जगत सब सपना।। रामचरित्मान का यह दोहा मंच से उमा के दर्द के रूप में बाहर आया। कुल मिलाकर 10 साल बाद उमा ने सार्वजनिक मंच पर अपना दंभ दिखाया। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की टीम के बीच उन्होंने मप्र में 2003 से लेकर 2013 तक के भाजपा के विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने बार-बार आडवाणी से कहा, मैंने देश हित के लिए हुबली में तिरंगा फराया था। उस समय मुझ पर केस दर्ज हुए थे। तब आपने ही कहा था, तुमने देश हित के लिए काम किया है। और मैंने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ी। मैं कहती हूं मेरे लिए तिरंगा, देश हित सबसे पहले है। वे बोली, यहां आने से पहले कुछ कार्यकर्ताओं ने पूछा दीदी कहीं भी आपकी फोटो नहीं, कटॉउट नहीं। मैंने कहा, इसकी जरूरत नहीं मैं तुम्हारे दिल में और तुम मेरे दिल में रहते हो। उन्होंने अपनी पार्टी के 5.30 प्रतिशत वोट को पुन: भाजपा के लिए समर्पित करने का आव्हन किया। वे बोली, मुझे उम्मीद है, ऐसा होगा। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें