मंगलवार, 23 जुलाई 2013

पार्टी में गुटबाजी कतई नहीं होना चाहिए: राव

राजनीतिक संवाददाता, भोपाल 
केंद्रीय कपड़ा मंत्री डा. केएस राव ने बैठक में आगे कहा कि कांग्रेसजनों को पार्टी को सर्वोपरि मानना चाहिए। पार्टी में गुटबाजी कतई नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे पार्टी कमजोर होती है और कार्यकर्ताओं को खुलकर पार्टी के लिए काम करने के अवसर सीमित हो जाते हैं। डा. राव प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। आपने कहा कि निष्ठा से अपनी जवाबदारियों को निभाने वालों को कांग्रेस पार्टी में बेहतर अवसर अवश्य मिलते हैं। जो नेता अपने निजी स्वार्थों के खातिर गुटबाजी को हवा देते हैं, उनको निरूत्साहित करना पार्टी के हित में है। पार्टी के भीतर सामूहिक नेतृत्व और सामूहिक प्रयास उभरना चाहिए। उसी से पार्टी वास्तव में मजबूत बनती है। बैठक में उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा ने केंद्र सरकार की योजनाओं की मानीटरिंग के लिए सिस्टम लागू करने, उपाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह और प्रवक्ता रवि सक्सेना ने इंदौर और बुरहानपुर की कपड़ा मिलों को पुनर्जीवित करके अनुभवी कारीगरों को रोजगार देने, महामंत्री गोविंद गोयल ने केंद्र सरकार की जो योजनाएं मप्र में संचालित हैं, उनकी अद्यतन जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराने, भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा और मजदूर नेता फूलसिंह यादव ने न्यू भोपाल मिल के मजदूरों को मकान उपलब्ध कराने और दैनिक वेतन तथा पेंशन की राशि बढ़ाने की मांगें केंद्रीय मंत्री के सामने रखीं।
सौहदार्य बिगाड़ रहा है भाजपा का हिन्दुत्व कार्ड:
डा. राव ने कहा है कि वोट पाने के लिए भाजपा हिन्दुत्व का कार्ड के जरिये धर्म से धर्म और समुदाय से समुदाय को लड़ा कर देश के सद्भावना एवं शांतिपूर्ण वातावरण को बर्बाद कर रही है। इससे उसको कुछ वोट जरूर मिल जाएंगे, किंतु देश का भारी नुकसान होगा। मप्र में भी भाजपा की सरकार इसी प्रकार के कारनामे कर रही है। वह प्रदेश में किसी भी तरह चुनाव जीतने की कोशिश में है। लेकिन मप्र की जनता अब भाजपा और उसकी प्रदेश सरकार के असली चेहरे को पहचान चुकी है। आपने कहा कि भाजपा देश की जनता को गुमराह करने के कितने ही प्रयत्न क्यों न कर ले, 2014 में केंद्र में भी कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए की सरकार पुन: सत्ता में आएगी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें