बुधवार, 12 जून 2013

23 हजार ग्रामीण को जल्द मिलेगी नई 'पग डंडी'

 -मंत्री नागेंद्र सिंह ने किया सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास
भोपाल। 
रायसेन जिले के भोजपुर विधानसभा अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के लिए बुधवार को लोक निर्माण मंत्री नागेंद्र सिंह ने सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह सड़क तिलेडी से पारखेड़ी और ग्राम आशापुरी, खसरोद से सलकनी होकर मण्डीदीप स्थित फेक्ट्री तक बनाई जा रही है। २३ हजार ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। 

श्री सिंह ने एक सादे कार्यक्रम में इन सड़कों का शिलान्यास किया। इस दौरान आशापुरी से सलकनी मार्ग पर बेतवा पुल का शिलान्यास भी शामिल है। इन कार्यक्रमों में पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा और भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इन सड़कों के निर्माण से बीस गांवों की करीब २३ हजार आबादी मुख्य सड़क से जुड़ेगी। ग्राम तिलेडी से पारखेड़ी तक बनने जा रही सड़क की लम्बाई 9.20 किलोमीटर होगी, जिसके बन जाने से 12 गांवों की करीब 15 हजार की आबादी मुख्य मार्ग से सीधे जुड़ सकेगी। इसी तरह आशापुरी, खसरोद से सलकनी होते हुए मण्डीदीप स्थित वर्धमान फैक्ट्री तक 19 करोड़ 88 लाख की लागत से सड़क निर्मित की जाएगी, जिसमें एक पुल भी शामिल है। इस सड़क का लाभ 8 गांवों के करीब आठ हजार लोगों को मिलेगा। इन ग्रामीणों को 17 किलोमीटर का चक्कर लगाने से निजात मिलेगी। 

-जनता हित सर्वोपरिय
श्री सिंह ने कहा, प्रदेश में सड़कों का विस्तार हुआ है। इसके चलते विकास को अपेक्षित गति मिली है। उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रदेश में 90 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया है और ऐसा कार्य पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा, प्रदेश में 55 हजार गांवों को सड़कों से जोडऩे का कार्य शुरू हो चुका है। वे बोले, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में प्रदेश ने अभूतपूर्व तरक्की की है। प्रदेश की जनता के हित हमारे लिए सर्वोपरिय हैं। 

-मिला आश्वासन 
मंत्री नागेन्द्र सिंह ने विधायक सुरेन्द्र पटवा द्वारा उमरावगंज से बेगमपुरा, उमरावगंज से चिरोलिया, उमरावगंज से चांदलाखेड़ी और दादरोद से सिंगपुर, इमलिया भोजपुर सड़कों के निर्माण की मांग से सहमति जताते हुए उनके निर्माण का आश्वास दिया। 

पेयजल योजना के लिए १८ करोड़ 
विधायक श्री पटवा ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास को लेकर कृत संकल्पित हैं। जनता की इच्छाओं का उन्होंने हमेशा सम्मान किया है। आज क्षेत्र की जनता की चिर प्रतीक्षित जरूरतें पूरी हुई हैं। उन्होंने कहा, औबेदुल्लागंज, मण्डीदीप और बाड़ी में करोड़ों की लागत से सर्वसुविधायुक्त अस्पताल बनाए जा रहे हैं। वहीं मण्डीदीप में पेयजल योजना के लिए 18 करोड़ की राशि मंजूर कराई गई है । 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें