मंगलवार, 2 जुलाई 2013

किसानों के खातों से निकाली राशि

-दर्जनभर किसानों दिए कलेक्टोरेट में शिकायती आवेदन 
-कमिश्नरी में आई सात शिकायतें 
भोपाल। 
कलेक्टर कार्यालय में बैरसिया क्षेत्र के दर्जनभर किसानों ने शिकायती आवेदन देते हुए कहा, उनके बैरसिया ग्रामीण बैंक के खातों में से राशि निकाल ली गई है। यह राशि बिना किसी पूर्व सूचना के निकाल ली गई, जबकि न तो कोई विड्राल फार्म भरा था और न ही कई महीनों से बैंक गए थे। इसके अलावा किसी प्रकार का कोई कर्ज भी नहीं लिया है। सुनवाई कर रहे अपर कलेक्टर बसंत कुर्रे ने एसडीएम बैरसिया को तत्काल जांच करने के आदेश दिए। 
किसानों ने बताया, खातों से पैसा निकले जाने की शिकायत करने पर बैंक कर्मचारियों ने धमकाकर भगा दिया और पुलिस भी हमारी सुनवाई नहीं कर रही है। शिकायत में किसानों ने कहा, उनके खातों में गड़बड़ी में बैंक वालों की भूमिका है। कलेक्टर में पचपन आवेदकों ने आवेदन दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर आरएस परिहार और डिप्टी कलेक्टर जीएस धुर्वे  ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं। 

बुधवारा के खटीकपुरा निवासी शेख जलाल ने शिकायती आवेदन देते हुए कहा, उन्हें प्लॉट नहीं मिला है। जबकि इसके लिए अब तक कई बार जनसुनवाई और अन्य दफ्तरों में 80 आवेदन दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि शादाब गृह निर्माण सोसायटी ने 1988 में बावड़िया कलां में जमीन खरीदी थी। इसमें डुप्लेक्स बनाकर बाहरी लोगों को बेच दिए हैं। इसके खिलाफ हाईकोर्ट में मुकदमा दायर करने पर कारर्वाई के निर्देश दिए, लेकिन सहकारिता विभाग की मिलीभगत से कुछ नहीं हुआ। 
इतना ही नहीं सोसायटी को भंग होने के बाद भी भी प्लॉट और डुप्लेक्सों की अवैध बिक्री धड़ल्ले से हो गई। इस मामले में सहकारिता विभाग को जांच एवं कारर्वाइ के लिए लिखा है। 

होगा जमीन का बंटवारा 
जनसुनवाई में हिनौतिया पीरान के कृषक लालाराम के आवेदन पर एसडीएम बैरसिया को निर्देश दिए कि वह उनके खेती की पुश्तैनी जमीन की बंटवारे की कारर्वाई करवाएं। कृषक लालाराम ने बताया, उनकी पैतृक जमीन का बंटवारा उनके परिवार के एक सदस्य द्वारा नहीं करने दिया जा रहा है। 

-जबरिया कब्जा करने की कोशिश 
इस्लाम नगर निवासी कामता प्रसाद ने अपनी शिकायत में बताया, उनके मालिकाना हक की कृषि भूमि पर मजीद खां जबरिया कब्जा कर खेती करने की कोशिश कर रहा है। इसके चलते तनाव की स्थिति निर्मित हो रही है। ऐसे में कभी भी बड़ी घटना घटित हो सकती है। इस पर श्री कुर्रे ने एसडीएम हुजूर को जांच के निर्देश दिए। 

-सिंह ने सुनीं समस्याएं 
कमिश्नर कार्यालय में सात आवेदकों ने कमिश्नर एसबी सिंह को आवेदन दिए। कमिश्नर सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें