मंगलवार, 15 जनवरी 2013

राजधानी में 16 लाख 25 हजार मतदाता

-अभियान के तहत जुड़े एक लाख नए वोटर्स
भोपाल। राजधानी अब 16 लाख 25 हजार मतदाताओं की हो गई है। बीते एक माह में मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत एक लाख नए मतदाताओं के नाम मत सूची में जोड़े गए। मंगलवार को पुनरीक्षण व आवेदनों की जांच के बाद औपचारिक तौर पर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। 

सूची में करीब 12 हजार मतदाताओं के नाम कटे हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची का औपचारिक तौर पर अंतिम प्रकाशन किया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 में भोपाल की जनसंख्या 24 लाख 88 हजार 033 आंकी है। इस हिसाब से 65 प्रतिशत वोटरों (मतदाताओं) की संख्या मानी है। हालांकि पूर्व में वोटरों की संख्या-15 लाख 36 हजार 295 थी। 2013 की जनसंख्या के आधार पर इसमें 36 हजार 689 कम थे। उनके नाम सूची में दर्ज करने के लिए 1 अक्टूबर से 10 दिसंबर तक मतदाता पुर्नरीक्षण अभियान चला। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अभियान के तहत 36 हजार की जगह करीब 1 लाख 2 हजार नवीन मतदाताओं ने मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए आवेदन जमा किए। इनमें से लगभग एक  लाख लोगों के नाम सूची में जुड़ गए हैं। इस अभियान में 12 हजार 364 मतदाताओं के नाम हटाने तथा 17 हजार से अधिक आवेदन संशोधन संबंधी आए, जिनका निराकरण किया गया। इस तरह जिले की मतदाता सूची में अब कुल  16 लाख 25 हजार 224 मतदाता हो गए हैं। जिन नए वोटर्स के नाम जोड़े गए हैं उन्हें 25 जनवरी को  मतदाता दिवस से परिचय पत्र मिलना शुरू हो जाएंगे। इधर अधिकारियों की माने तो मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन का कार्य देर रात तक जारी रहा। यहीं नहीं सभी विधानसभा क्षेत्रों से अंतिम आंकड़े जुटाने की मशक्कत भी देर रात तक जारी रही।

-गोविंदपुरा में ज्यादा नाम 
सबसे ज्यादा नाम गोविन्दपुरा क्षेत्र में जुड़ेे हैं। यहां पर 26274 आवेदन प्राप्त हुए। जांच के बाद इनमें से 26265 नवीन मतदाताओ के नाम जोड़े गए। सबसे कम 7180 मतदाता बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में जुड़े हैं। इसके अतिरिक्त भोपाल उत्तर में 9750, नरेला में 16754, भोपाल दक्षिण पश्चिम में 12753, भोपाल मध्य में 11336, हुजूर में 15364 नवीन मतदाता जुड़े। नाम हटवाने वालों की सूची में भोपाल मध्य क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां 2718 मतदाताओं के नाम हटवाने के
आवेदन मान्य किए गए।

-कहां क्या स्थिति 
 विसं क्षेत्र                        - नाम जुड़े         - नाम हटे
 बैरसिया                         - 7180             - 978
 भोपाल उत्तर                   - 9850             - 1524
 नरेला                            - 17002            - 1935
 भोपाल दक्षिण पश्चिम       - 12753            - 2118
 भोपाल मध्य                  - 11336             - 2718
 गोविंदपुरा                      - 26450             - 1663
 हुजूर                            -15454              -1428

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें