मंगलवार, 8 जनवरी 2013

अकील ने कोर्ट से किया सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध -आगे बढ़ी भाजपा पार्षदों की पेशी -मामला विकास कार्यों में आर्थिक अनियमितता का भोपाल।

विकास कार्यों में आर्थिक अनियमितता के मामले में संभागायुक्त कोर्ट में चल रही भाजपा के 39 पार्षदों की पेशी एक बार फिर आगे बढ़ गई है। दरअसल मंगलवार को इस मसले में पेशी के दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ अकील ने कोर्ट में आवेदन दिया। इसमें हाई कोर्ट में याचिका दायर करने का हवाला देते हुए मामले की सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया। इसके बाद अगली पेशी 29 जनवरी तय की गई। गौरतलब है कि एमपी नगर में हुए विकास कार्यों में टेंडरों को लेकर हुई आर्थिक अनियमितता के मामले में भाजपा के 39 पूर्व व वर्तमान पार्षदों का केस तीसरी बार खुलने के बाद वर्तमान में संभागायुक्त कोर्ट में चल रहा है। मंगलवार को कोर्ट में इस
मामले की पेशी थी। भाजपा पार्षदों के वकीक फरीद खान के अनुसार पेशी के दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ अकील की ओर से संभागायुक्त कोर्ट में एक आवेदन दिया गया। आवेदन में श्री अकील ने कोर्ट से मांग की है कि वह तब तक इस मामले की सुनवाई स्थगित रखे जबतक हाई कोर्ट में दायर की गई याचिका पर कोई फैसला न आ जाए। उन्होंने आवेदन में बताया कि उनके द्वारा प्रमुख सचिव  के एक आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। इसके बाद श्री अकील के अनुरोध को स्वीकार करते हुए संभागायुक्त कोर्ट ने मामले की आगामी पेशी 29 जनवरी तय की है। 
 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें