गुरुवार, 28 फ़रवरी 2013

सरकार के काम गिनाने घर-घर जाएगी भाजपा

-महाजनसंपर्क अभियान कल से 
-शिव भोपाल, नरेन्द्र ग्वालियर से करेंगे शुरुआत 
भोपाल। 
भाजपा अब प्रदेश सरकार के कामों को गिनाने घर-घर दस्तक देगी। कल, संत रविदास जयंती से ब्लॉक स्तर महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसके तहत 23 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों तक सीधे पहुंचने का लक्ष्य रखा है। राजधानी से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ग्वालियर से इसका श्रीगणेश करेंगे। 
दूसरी ओर अभियान को कांग्रेस ने सरकार की नाकामी छिपाने वाला बताया। अभियान के साथ प्रदेश सरकार ने मिशन 2013 का बिगुल फूंक दिया है। महाजनसंपर्क अभियान को सीधे तौर पर चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश भर में ब्लॉक स्तर पर शुरू किए जा रहे इस अभियान के जरिए भाजपा ने ढाई करोड़ से अधिक मतदाताओं से संपर्क करने की रणनीति तैयार की है। अभियान के प्रदेश प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के लिए सांसद, विधायक, भाजपा जिला पदाधिकारी एवं प्रदेश पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान को सफल बनाने भाजपा कार्यकर्ता सरकार के बीते 9 साल में किए विकास कार्यों को मतदाताओं तक लेकर पहुंचेंगे। इसके लिए 742 भाजपा मंडल एवं 23 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों तक पहुंचने 3500 से अधिक कार्यकर्ताओं का दल तैयार किया है। दल में सांसद, विधायक भी शामिल हैं। श्री सिंह ने बताया, 53 हजार से अधिक मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर ढाई करोड़ से अधिक मतदाताओं से सीध संपर्क साधेंगे। 

-ऐसी है संरचना
भाजपा कार्यकर्ताओं की टीम 14 नगर निगम, 88 नगर पालिका, 236 नगर पंचायत एवं 23000 ग्राम पंचायतों के 53 हजार से अधिक मतदान केंद्रों तक पहुंचेगी। अभियान के लिए 3500 कार्यकर्ताओं की टोली तैयार की है, जिसमें सांसद, विधायक, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी को शामिल किया गया है। संत रविदास जयंती की पूजा अर्चना कर अभियान की शुरू होगी। जिसमें सांसद उन क्षेत्रों से शुरुआत करेंगे जहां से वे चुनाव में हारे थे। 

वर्जन 
भाजपा सरकार विकास कार्यों की दृष्टि से फ्लॉप रही है। भाजपा ने किया कुछ नहीं है। सरकार की नाकामी को छुपाने अभियान निकाला जा रहा है। जनता का कोई रुझान इस अभियान में नहीं है। यह अभियान भी फ्लॉप रहेगा। 
मानक अग्रवाल, अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग 
 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें